
गायन, गिटार, मिमिकरी और मनोरंजक प्रस्तुतियों से छात्रों ने बिखेरा हुनर
देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में गुरुवार को 93.5 रेड एफएम के सहयोग से ‘कॉलेज के टशनबाज’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। फन, मस्ती और प्रतिभाओं से भरपूर इस कार्यक्रम में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और शानदार प्रस्तुतियों का आनंद लिया।
विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गायन, गिटार प्ले, मिमिकरी सहित विभिन्न रचनात्मक एवं मनोरंजक प्रस्तुतियां दीं। युवाओं की जोशीली प्रस्तुतियों पर ऑडिटोरियम तालियों और उत्साह से गूंज उठा।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ अपनी रचनात्मक प्रतिभा, कला और अभिव्यक्ति को मंच प्रदान करना रहा। ‘कॉलेज के टशनबाज’ के जरिए छात्रों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं की ऊर्जा और हुनर ने माहौल को पूरी तरह जीवंत बनाए रखा। लोकप्रिय गीतों, गिटार की धुनों और मिमिकरी प्रस्तुतियों ने विद्यार्थियों का खूब मनोरंजन किया। छात्रों ने ऐसे आयोजनों को अपनी प्रतिभा और रुचियों को सामने लाने का बेहतर माध्यम बताया।




