भूमि धोखाधड़ी, अवैध कब्जे, मोबाइल टावर और पारिवारिक उत्पीड़न के मामले पहुंचे; जर्जर भजन आश्रम भवन में रह रहे 90 किराएदारों के मामले में तत्काल कार्रवाई के निर्देश
देहरादून, 7 सितंबर 2026। जनसमस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में समाधान दिवस आयोजित किया गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से जुड़ी 120 शिकायतें प्राप्त हुईं।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मामलों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान ई-ऑफिस, मुख्यमंत्री घोषणा और सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। डीएम ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में निस्तारित करने के निर्देश दिए।
जर्जर भजन आश्रम भवन में रह रहे 90 किराएदार, डीएम ने दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश
ऋषिकेश भजन आश्रम के सचिव ने अद्वैतानंद मार्ग स्थित भवन संख्या-2 और तिलक मार्ग स्थित भवन संख्या-3 के जर्जर होने की शिकायत रखी। बताया गया कि दोनों भवनों में करीब 90 किराएदार रह रहे हैं और नोटिस जारी होने के बावजूद भवन खाली नहीं किए गए हैं। संभावित दुर्घटना की आशंका को देखते हुए डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ऋषिकेश और नगर निगम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
90 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप, एसडीएम सदर करेंगे जांच
70 वर्षीय विधवा प्रेमा रावत ने आरोप लगाया कि एक प्रॉपर्टी डीलर ने धोखाधड़ी कर उनकी 228 वर्गमीटर भूमि का विक्रय पत्र तैयार कर दिया और उन्हें 90 लाख रुपये का भुगतान भी नहीं किया। रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी देने की शिकायत भी की गई। डीएम ने एसडीएम सदर को मामले की जांच के निर्देश दिए।
35 लाख रुपये की रकम वापस न करने की शिकायत
रायपुर निवासी कृष्ण कुमार ने बताया कि उन्होंने संजय कुमार के पास पांच लाख रुपये की तीन कमेटियां 15 माह के लिए डाली थीं। इसके अलावा 30.75 लाख रुपये उधार दिए थे, लेकिन संबंधित व्यक्ति द्वारा रकम वापस नहीं की जा रही है। डीएम ने मामले की जांच सीओ रायपुर को सौंपी।
जर्जर स्कूल की छत पर जताई चिंता
ग्राम पंचायत सिंधवाल के उपप्रधान ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय की जर्जर छत की मरम्मत न होने का मामला उठाते हुए बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। डीएम ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को मौके का निरीक्षण कर शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
बारिश से क्षतिग्रस्त सड़क को जल्द दुरुस्त करने के निर्देश
त्यूनी-चकराता-मसूरी मोटर मार्ग पर बारिश के कारण बोल्डर गिरने और पुस्ता क्षतिग्रस्त होने से यातायात प्रभावित होने की शिकायत पर डीएम ने एनएच अधिकारियों को सड़क को जल्द सुचारू कराने के निर्देश दिए।
अवैध मोबाइल टावरों की शिकायत पर एमडीडीए को कार्रवाई के निर्देश
सहसपुर के ग्राम छरबा में आवासीय भूमि पर मोबाइल टावर लगाए जाने तथा एमडीडीए द्वारा उसे अवैध घोषित किए जाने के बावजूद न हटाए जाने की शिकायत सामने आई। डीएम ने एमडीडीए को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं कृष्णा विहार में घनी आबादी के बीच मकान की छत पर मोबाइल टावर लगाए जाने की शिकायत पर ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को जांच के निर्देश दिए गए।
किराएदार पर उत्पीड़न और अवैध कब्जे का आरोप
पटेल नगर निवासी 75 वर्षीय विधवा ऊषा सूरी ने किराएदार पर उत्पीड़न, किराया नहीं देने और मकान पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया। डीएम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ पटेल नगर को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
बेटे और बहू पर मारपीट का आरोप, एफआईआर के निर्देश
रेसकोर्स निवासी 65 वर्षीय माला देवी ने अपने छोटे बेटे और बहू पर मारपीट का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए।
ठेलियों से लगने वाले जाम पर नगर निगम करेगा कार्रवाई
नत्थनपुर छह नंबर पुलिया के आसपास सब्जियों और अन्य सामान की ठेलियों के कारण यातायात जाम की शिकायत पर नगर निगम देहरादून को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
आर्थिक सहायता और योजनाओं से जुड़ी शिकायतें भी पहुंचीं
आर्थिक रूप से कमजोर अनिता निवासी नीलकंठ और अनिता थापा निवासी मोथरोवाला ने कच्चे मकानों की मरम्मत के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। वहीं ऋषिकेश निवासी रीना ने नंदा-सुनंदा योजना के तहत आर्थिक सहायता दिलाने का अनुरोध किया।
ग्राम पंचायत रामपुर कलां में पंचायत भवन की खाली भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर जिला पंचायत राज अधिकारी को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ग्राम पंचायत चान्जोई में बहुउद्देशीय भवन निर्माण की मांग पर प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।
आपदा से क्षतिग्रस्त नहर की मरम्मत के निर्देश
चकराता क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुनैन के ग्राम सैंज में दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त नहर की सुरक्षा दीवार और गूल की मरम्मत की मांग पर ओसी कलेक्ट्रेट को मौके का निरीक्षण कर प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
शिकायतों के निस्तारण में औपचारिकता नहीं चलेगी: डीएम
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण महज औपचारिकता तक सीमित न रहे। प्रत्येक प्रकरण में गुणवत्तापूर्ण, प्रभावी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिल सके।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई दीक्षांत गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लाल भारती, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी शशि कांत गिरी, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र राणा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
#Dehradun #SamadhanDiwas #DMDehradun #AshishChauhan #PublicHearing #DehradunNews #UttarakhandNews #JanSamasyayein




