कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने अधिकारियों के साथ की बैठक, शहर के प्रमुख मार्गों पर वन-वे व्यवस्था लागू करने और चौराहों पर बैरिकेडिंग लगाने का निर्णय
सिविल लाइंस पोस्ट ऑफिस के पास खाली मैदान और विद्युत विभाग का ग्राउंड पार्किंग के लिए होगा इस्तेमाल
रुड़की। आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और बाजारों में जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने नगर निगम के मीटिंग हॉल में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों की सुविधा को देखते हुए पार्किंग, वन-वे यातायात और बैरिकेडिंग को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में सिविल लाइंस स्थित पोस्ट ऑफिस के पास खाली पड़े मैदान और विद्युत विभाग के खाली ग्राउंड को अस्थायी पार्किंग के रूप में इस्तेमाल करने पर सहमति बनी। इससे बाजार आने वाले लोगों को वाहन खड़े करने की सुविधा मिलेगी और सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा शहर के अधिकांश प्रमुख मार्गों पर वन-वे यातायात व्यवस्था लागू करने तथा विभिन्न चौराहों पर बैरिकेडिंग लगाने का निर्णय लिया गया। इससे वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने और बाजार क्षेत्रों में जाम की स्थिति कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने अधिकारियों को त्योहारों के दौरान आमजन की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बाजारों में आने वाले लोगों को पार्किंग और आवागमन में अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अजय सिंह, सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट, सीओ रुड़की नताशा सिंह, नवीन गुलाटी, भरत कपूर, नरेश यादव, एआरटीओ तथा रुड़की नगर निगम के एमएनए गोपाल राम बिनवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
पार्किंग स्थलों और वन-वे व्यवस्था लागू होने से त्योहारों के दौरान रुड़की के प्रमुख बाजारों में यातायात का दबाव कम होने और आमजन को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।




