देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (VPDO) परीक्षा-2016 में कथित अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। ED के देहरादून सब-जोनल कार्यालय ने 10 सितंबर को पीएमएलए, 2002 के तहत उत्तराखंड में कई ठिकानों पर छापेमारी की।
ED की कार्रवाई तत्कालीन UKSSSC अध्यक्ष, सचिव, परीक्षा नियंत्रक, OMR प्रोसेसिंग के लिए नियुक्त निजी कंप्यूटर एजेंसी के मालिक, कथित बिचौलियों और मामले से जुड़े अन्य लोगों के आवासीय परिसरों में की गई। इनमें चंदन सिंह जीना का आवास भी शामिल है, जो वर्तमान में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश सिंह रावत के निजी सहायक हैं और वर्ष 2014 से 2017 के दौरान उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल में OSD रह चुके हैं।
सुरक्षित कस्टडी से निजी आवास तक पहुंचाई गई थीं OMR शीट
ED के मुताबिक, जांच में सामने आया कि UKSSSC की सुरक्षित कस्टडी से OMR उत्तर पुस्तिकाओं को तत्कालीन सचिव के निजी आवास पर ले जाया गया। वहां अधूरी भरी OMR शीटों के रोल नंबर नोट किए गए और उन्हें निजी कंप्यूटर एजेंसी के कर्मचारियों को उपलब्ध कराया गया। आरोप है कि इन शीटों में फर्जी तरीके से उत्तर के बुलबुले भरे और बदले गए तथा बाद में उन्हें दोबारा सील कर दिया गया। इसके बदले कथित तौर पर बिचौलियों के माध्यम से अवैध रकम ली गई।
जीना के आवास से नकदी, सोना और लग्जरी घड़ियां बरामद
ED की तलाशी में चंदन सिंह जीना के आवास से 32 लाख रुपये की बेहिसाब नकदी और करीब 200.5 ग्राम सोने के सिक्के व चेन बरामद किए गए। इनमें 13 सोने के सिक्के और 7 चेन शामिल हैं। इसके अलावा Rolex, Rado, Piaget, Movado, Tissot और Casio Edifice ब्रांड की 12 घड़ियां भी मिलीं।
जांच एजेंसी ने जीना और उनके परिवार के बैंक खातों में जमा 52,16,312 रुपये को पीएमएलए की धारा 17(1ए) के तहत फ्रीज किया है। फोरेंसिक जांच के लिए मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। ED के अनुसार, जांच में आय के ज्ञात स्रोतों से मेल नहीं खाने वाले बड़े नकद खर्च की जानकारी भी सामने आई है।
करीब 1.28 करोड़ की संपत्ति जब्त-फ्रीज
ED के मुताबिक, जीना के आवास से जब्त और बैंक खातों में फ्रीज की गई संपत्ति का कुल मूल्य फिलहाल करीब 1.28 करोड़ रुपये आंका गया है। घड़ियों का मूल्यांकन पूरा होने के बाद यह राशि और बढ़ सकती है।
छापेमारी के दौरान अन्य पूर्व UKSSSC अधिकारियों और मामले से जुड़े लोगों के परिसरों से भी छोटी रकम से लेकर लाखों रुपये तक की बेहिसाब नकदी और कुछ स्थानों से सोने के आभूषण बरामद होने की बात ED ने कही है। सभी संबंधित व्यक्तियों के मोबाइल फोन भी फोरेंसिक जांच के लिए जब्त किए गए हैं।
ED ने कहा है कि मामले में आगे की जांच जारी है।




