23 मार्च को देहरादून में वॉक-इन-इंटरव्यू श्रीनगर।
वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली राजकीय आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान श्रीनगर में फैकल्टी और चिकित्सा पदों पर बड़ी भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। संस्थान की ओर से कुल 93 पदों पर नियुक्ति के लिए 23 मार्च 2026 को वॉक-इन-इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। यह इंटरव्यू देहरादून स्थित एच.एन.बी. उत्तराखंड मेडिकल एजुकेशन यूनिवर्सिटी, न्यू सेंट्रल होप टाउन में सुबह 10 बजे से शुरू होगा। अभ्यर्थियों का पंजीकरण उसी दिन दोपहर 1 बजे तक किया जाएगा।
मेडिकल कॉलेज में विभिन्न विभागों में रिक्त चले रहे पदों के अनुसार, प्रोफेसर के 12, एसोसिएट प्रोफेसर के 32, असिस्टेंट प्रोफेसर के 48 और लेडी मेडिकल ऑफिसर का 1 पद भरा जाएगा। ये सभी नियुक्तियां संविदा के आधार पर होंगी, जिन्हें हर वर्ष नवीनीकृत किया जाएगा। अधिकतम कार्यकाल 3 वर्ष या नियमित नियुक्ति होने तक निर्धारित किया गया है।
संस्थान के प्राचार्य डॉ आशुतोष सयाना ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में विभिन्न विभागों में विशेषज्ञ डॉक्टरों और शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए यह भर्ती की जा रही है।
उन्होंने कहा कि संस्थान में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए योग्य विशेषज्ञों की नियुक्ति जरूरी है। वॉक-इन-इंटरव्यू के माध्यम से पारदर्शी और त्वरित चयन किया जाएगा।
भर्ती में जनरल मेडिसिन, सर्जरी, पीडियाट्रिक्स, ऑर्थोपेडिक्स, कार्डियोलॉजी, न्यूरोसर्जरी, एनेस्थीसिया, रेडियोलॉजी सहित कई प्रमुख विभाग शामिल हैं। वेतनमान भी आकर्षक रखा गया है, जिसमें सामान्य पदों के लिए प्रोफेसर को लगभग 2.96 लाख रुपये प्रति माह तक वेतन मिलेगा, जबकि सुपर स्पेशियलिटी पदों पर यह राशि 4.40 लाख रुपये प्रति माह तक है। संस्थान प्रशासन के अनुसार, अभ्यर्थियों की आयु और शैक्षणिक योग्यता National Medical Commission (NMC) के मानकों के अनुसार होगी। साथ ही आरक्षण उत्तराखंड सरकार के नियमों के तहत लागू रहेगा। सभी प्री-क्लिनिकल एवं पैरा-क्लिनिकल विषयों के लिए केवल MD/MS अभ्यर्थी ही पात्र होंगे।
प्राचार्य ने योग्य अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि पर इंटरव्यू में शामिल होकर इस अवसर का लाभ उठाएं।



