
हरिद्वार, 22 अगस्त 2026: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सप्तसरोवर रोड स्थित श्री ब्रह्म निवास आश्रम में पूज्य सतगुरु लाल दास महाराज के 51वें निर्वाण दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि संत समाज ने हमेशा धर्म, संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों के विकास और पुनर्निर्माण पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है। मंदिर माला मिशन के तहत मंदिरों का पुनर्निर्माण और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। केदारनाथ और हेमकुंड साहिब के लिए प्रस्तावित रोपवे परियोजनाओं से श्रद्धालुओं, विशेषकर बुजुर्गों के लिए तीर्थयात्रा आसान होगी।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश कॉरिडोर और आस्था पथ समेत विभिन्न परियोजनाओं पर काम आगे बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य देवभूमि की पवित्रता, मूल स्वरूप और सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और आध्यात्मिक वातावरण उपलब्ध कराना है।
CM धामी ने कहा कि देवभूमि की संस्कृति और सामाजिक वातावरण को प्रभावित करने वाली गतिविधियों तथा अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही धर्म, ज्ञान-विज्ञान, नवाचार और विकास के माध्यम से उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने का प्रयास किया जा रहा है।



