
हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के जन्मदिवस समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। सीएम धामी ने सतपाल महाराज को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सतपाल महाराज का जीवन आध्यात्मिक चेतना, समाजसेवा, परोपकार और लोककल्याण के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि महाराज की सरलता, सहजता और दूरदर्शिता ने उन्हें समाज में विशिष्ट पहचान दिलाई है।
सीएम ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए पर्यटन और विकास को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने आगामी कुंभ को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि हरिद्वार आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु आध्यात्मिक शांति और सुखद अनुभव लेकर लौटे, इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि की संस्कृति, परंपराओं और पहचान की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है। समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगारोधी कानून जैसे कदम इसी दिशा में उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, अन्य जनप्रतिनिधि, संतगण, श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे।




