
देहरादून, 22 सितंबर 2026। यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह को ऊर्जा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, प्रभावी परियोजना क्रियान्वयन और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता के लिए 5वें आईजीएसआई उत्तराखंड रत्नश्री अवार्ड से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान इंटरनेशनल गुडविल सोसायटी ऑफ इंडिया, उत्तराखंड चैप्टर द्वारा आयोजित ‘उत्तराखंड डेवलपमेंट कॉन्क्लेव’ के समापन समारोह में प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं संस्था के देहरादून अध्यक्ष डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम ने प्रदान किया।
अजय कुमार सिंह को जल विद्युत परियोजनाओं के विकास, निर्माण और परिचालन में करीब तीन दशक के अनुभव, परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन तथा सुशासन एवं संस्थागत कार्यप्रणाली को मजबूत करने में योगदान के लिए यह सम्मान दिया गया।
उनके नेतृत्व में यूजेवीएनएल द्वारा ऊर्जा उत्पादन बढ़ाने, मौजूदा परियोजनाओं के आधुनिकीकरण, नई जल विद्युत परियोजनाओं के विकास तथा नई तकनीकों और ऊर्जा भंडारण प्रणालियों को अपनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
सम्मान मिलने पर सिंह ने इसे अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि के बजाय यूजेवीएनएल के अधिकारियों और कर्मचारियों की सामूहिक मेहनत एवं टीम भावना का सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि राज्य की ऊर्जा क्षमता बढ़ाने और जल संसाधनों के सतत उपयोग के लिए निगम की प्रतिबद्धता जारी रहेगी।
डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम ने भी अजय कुमार सिंह को बधाई देते हुए यूजेवीएनएल के जल विद्युत क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य की उम्मीद जताई।




