देहरादून। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने 2 अक्टूबर 1994 के रामपुर तिराहा कांड में शहीद हुए उत्तराखंड आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान उत्तराखंड के सम्मान, स्वाभिमान और अस्मिता की लड़ाई का प्रतीक है।
महाराज ने कहा कि उत्तराखंड राज्य 42 से अधिक शहादतों और लाखों लोगों के लंबे संघर्ष के बाद बना। उन्होंने बताया कि सरकार शहीद आंदोलनकारियों के परिवारों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। आंदोलनकारियों के बच्चों को सरकारी नौकरियों में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और पेंशन में बढ़ोतरी जैसे कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को रामपुर तिराहा कांड के इतिहास और शहीदों के बलिदान से परिचित कराने के लिए स्कूलों के पाठ्यक्रम में उनकी वीरगाथाओं को स्थान दिया जा रहा है।




