
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के तहत उत्तराखंड के शहरों में विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों को गति दी जा रही है। इसी क्रम में आवास एवं राज्य सम्पत्ति सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने हल्द्वानी और ऊधमसिंह नगर पहुंचकर विभिन्न प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
हल्द्वानी में हैराखान चौराहे पर मानसखंड थीम आधारित रोटरी और कुसुमखेड़ा चौराहे पर नारी शक्ति थीम आधारित रोटरी विकसित करने की योजना है। वहीं रामलीला मैदान के समीप डीके पार्क के सौंदर्यीकरण के साथ ओपन जिम उपकरण लगाए जाएंगे। नरीमन क्षेत्र से करीब 200 मीटर मार्ग के रोड मीडियन में वृक्षारोपण एवं हरितीकरण भी प्रस्तावित है। इन कार्यों के अनुमान तैयार किए जा चुके हैं और इसी माह टेंडर प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान हाईकोर्ट के लिए प्रस्तावित भूमि का भी जायजा लिया गया। इसके बाद सचिव ने रुद्रपुर, किच्छा और सितारगंज क्षेत्रों का दौरा किया। रुद्रपुर में मोदी मैदान के पास प्रस्तावित इंडोर एवं आउटडोर स्टेडियम की कार्ययोजना का निरीक्षण कर निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।
सचिव ने सभी कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समयसीमा के भीतर परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।




