जर्मन और जापानी भाषा के 158 प्रशिक्षण केंद्र संचालित, उत्तरकाशी और टिहरी में भी जल्द खुलेंगे केंद्र
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर उत्तराखंड के युवाओं के लिए विदेश में रोजगार के नए अवसर खुल रहे हैं। मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत अब तक प्रदेश के 106 युवा विदेश में नौकरी प्राप्त कर चुके हैं। युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के लिए तैयार करने के उद्देश्य से प्रदेश में जर्मन और जापानी भाषा के कुल 158 प्रशिक्षण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। वहीं, जल्द ही उत्तरकाशी और टिहरी जनपद में भी विदेशी भाषा प्रशिक्षण केंद्र खोले जाएंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर मई 2023 में इस रोजगारपरक योजना को मंजूरी दी गई थी। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कौशल एवं सेवायोजन विभाग के अंतर्गत विदेश रोजगार प्रकोष्ठ का गठन किया गया है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को वैश्विक जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण देकर विदेशों में रोजगार के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराना है।
जापान, जर्मनी और सऊदी अरब में काम कर रहे युवा
योजना के तहत अब तक विदेश में रोजगार प्राप्त करने वाले 106 युवाओं में से 75 जापान, एक जर्मनी और 30 सऊदी अरब में कार्यरत हैं। ये युवा हेल्थ, हॉस्पिटेलिटी सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को उनकी योग्यता और अंतरराष्ट्रीय श्रम बाजार की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण देकर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
प्रदेश में संचालित हो रहे 158 प्रशिक्षण केंद्र
विदेश में रोजगार की संभावनाओं को देखते हुए प्रदेश में जर्मन और जापानी भाषा के प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। वर्तमान में देहरादून में जर्मन भाषा के 75 और जापानी भाषा के 45 प्रशिक्षण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। वहीं, अल्मोड़ा में जर्मन भाषा के 22 और बागेश्वर में जापानी भाषा के 16 प्रशिक्षण केंद्र चल रहे हैं।
विदेश रोजगार प्रकोष्ठ से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्तमान में देहरादून में जर्मनी के लिए चार बैच और जापान के लिए दो बैच में भाषा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अल्मोड़ा में जर्मनी के लिए एक तथा बागेश्वर में जापान के लिए एक बैच संचालित है। इसके अतिरिक्त उत्तरकाशी और टिहरी जनपद में भी विदेशी भाषा प्रशिक्षण केंद्र खोलने की तैयारी की जा रही है।
अन्य देशों में भी रोजगार की संभावनाएं तलाश रही सरकार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं के लिए विभिन्न देशों में रोजगार के नए अवसर तलाश रही है। इसी क्रम में हाल ही में मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड आए जमैका में भारत के उच्चायुक्त मयंक जोशी, इथियोपिया में भारत के राजदूत देवेश उत्तम और जाम्बिया में भारत के उच्चायुक्त आलोक रंजन झा के साथ बैठक की।
बैठक में इन तीनों देशों में रोजगार की संभावनाओं और कुशल मानव संसाधन की आवश्यकताओं पर विशेष चर्चा की गई। मुख्यमंत्री के निर्देश पर अब संबंधित देशों की जरूरतों के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षित करने के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इससे प्रदेश के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।
वैश्विक मांग के अनुरूप तैयार किए जा रहे युवा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना प्रदेश सरकार की कसौटी पर खरी उतरी है। योजना की सफलता को देखते हुए विदेशी भाषा प्रशिक्षण केंद्रों की संख्या बढ़ाई गई है। युवाओं को वैश्विक मांग के अनुरूप आवश्यक कौशल और प्रशिक्षण देकर दक्ष बनाया जा रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को युवाओं के लिए विदेश में रोजगार की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार अंतरराष्ट्रीय रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।





