उत्तराखंड के 117 स्वयं सहायता समूहों को मिले स्टॉल, देहरादून के 30 से अधिक समूह भी होंगे शामिल
देहरादून। रेंजर ग्राउंड में 5 से 11 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सरस फूड फेस्टिवल-2026 में देशभर की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के हुनर, पारंपरिक स्वाद और स्थानीय उत्पादों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। फेस्टिवल में विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से आने वाले स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं अपने पारंपरिक खाद्य पदार्थों के साथ ही स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री करेंगी।
सरस फूड फेस्टिवल की नोडल अधिकारी अनीता पंवार ने बताया कि प्रतिभाग करने वाले स्वयं सहायता समूहों को फूड आइटम्स, हैंडीक्राफ्ट, हैंडलूम और लाइव फूड सहित विभिन्न श्रेणियों के स्टॉल आवंटित किए गए हैं। इसके जरिए महिलाओं को अपने उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने और सीधे ग्राहकों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के 117 स्वयं सहायता समूहों को फेस्टिवल में अलग-अलग श्रेणियों के स्टॉल आवंटित किए गए हैं। वहीं, देहरादून जनपद के 30 से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं भी इसमें प्रतिभाग करेंगी। इन स्टॉलों पर स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक व्यंजनों, हस्तशिल्प और अन्य तैयार उत्पादों का प्रदर्शन एवं बिक्री की जाएगी।
नोडल अधिकारी के अनुसार, सरस फूड फेस्टिवल का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना, उनके उत्पादों की पहचान बढ़ाना और स्वरोजगार को मजबूत करना है। इसके साथ ही देश के अलग-अलग राज्यों की पारंपरिक खान-पान, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना भी फेस्टिवल का प्रमुख उद्देश्य है।
फेस्टिवल के माध्यम से जहां लोगों को देश के विभिन्न हिस्सों के पारंपरिक स्वाद और उत्पादों से रूबरू होने का अवसर मिलेगा, वहीं महिला स्वयं सहायता समूहों को अपने हुनर और उद्यम को व्यापक स्तर पर पहचान दिलाने का मंच मिलेगा।




