नई दिल्ली। 28 वर्षीय सेल्स एग्जीक्यूटिव आकृति सुतार की मौत का मामला घरेलू विवाद, आर्थिक तनाव और कथित प्रताड़ना को लेकर चर्चा में है। शादी के महज 72 दिन बाद 4 जुलाई को दिल्ली के लोधी कॉलोनी स्थित एनडीएमसी आवासीय परिसर में हुई घटना के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया।
पुलिस ने आकृति के पति अरस्तु सिक्का को हिरासत में लिया है, जबकि उसकी बहन को भी मामले में सह-आरोपी बनाया गया है। पूछताछ में पति द्वारा कथित तौर पर पत्नी के साथ दुर्व्यवहार और उसके नौकरी करने को लेकर असुरक्षा की बात सामने आने की जानकारी है। आरोप है कि वह आकृति के मोबाइल और अन्य डिवाइस पर नजर रखता था और उससे नौकरी छोड़ने का दबाव बनाता था।
आकृति के परिजनों ने दहेज और आर्थिक मांगों को लेकर लगातार दबाव बनाए जाने के आरोप लगाए हैं। वहीं, पुलिस डिजिटल और फोरेंसिक साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। आकृति के डिवाइस की सर्च हिस्ट्री में शारीरिक सुरक्षा और ऊंचाई से जुड़े कुछ सर्च सामने आने की बात कही जा रही है।
CCTV फुटेज में आकृति को घटना से पहले इमारत में अकेले प्रवेश करते देखा गया है। पुलिस अब CCTV, डिजिटल साक्ष्यों और फोरेंसिक जांच के आधार पर घटना की पूरी परिस्थितियों और घटनाक्रम का पता लगाने में जुटी है।




