देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूड़ी के आकस्मिक निधन पर प्रदेशभर में शोक की लहर है। राज्य सरकार ने उनके सम्मान में 19 मई से 21 मई तक तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है।
सरकारी जानकारी के अनुसार, मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी की अंत्येष्टि 20 मई को पुलिस सम्मान के साथ सम्पन्न की जाएगी। इस अवसर पर बुधवार को राज्य सरकार द्वारा सार्वजनिक अवकाश भी घोषित किया गया है।
राजकीय शोक के दौरान प्रदेश में सभी सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा तथा किसी भी प्रकार के सरकारी सांस्कृतिक एवं मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे।
मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी को एक ईमानदार, अनुशासित और विकासोन्मुख राजनेता के रूप में याद किया जाता है। उनके निधन से उत्तराखंड की राजनीति और सामाजिक जीवन में एक अपूरणीय क्षति हुई है।



