नई दिल्ली। लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने 26 दिनों बाद अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उन्होंने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा की मौजूदगी में जूस पीकर अनशन तोड़ा। इस दौरान केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, उनकी पत्नी गीतांजलि आंगमो और लेह एपेक्स बॉडी के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
अनशन समाप्त करने के बाद वांगचुक ने कहा कि विभिन्न मुद्दों पर लंबी बातचीत और देश में संभावित हिंसा की स्थिति को देखते हुए उन्होंने यह निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही एक वीडियो जारी कर पूरी जानकारी साझा करेंगे।
सोनम वांगचुक 28 जून से लद्दाख के लिए संवैधानिक सुरक्षा और अन्य मांगों को लेकर भूख हड़ताल पर थे। उनका अनशन इस आंदोलन का प्रमुख प्रतीक बन गया था।



