देहरादून। मानसून के दौरान डेंगू के बढ़ते खतरे को देखते हुए देहरादून नगर निगम ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर निगम की टीमें शहर के विभिन्न वार्डों में लगातार फॉगिंग और एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव कर रही हैं।
जलभराव वाले स्थानों को चिन्हित कर मच्छरों के लार्वा नष्ट करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मेयर *सौरभ थपलियाल* ने बताया कि मानसून से पहले ही नगर निगम ने वार्डों में फॉगिंग की व्यवस्था शुरू कर दी थी। एंटी-लार्वा टैंकरों के माध्यम से लगातार केमिकल का छिड़काव किया जा रहा है। जहां भी जलभराव की स्थिति बनती है और मच्छर पनपने की संभावना रहती है, वहां तुरंत एंटी-लार्वा छिड़काव कर रोकथाम की जा रही है।
नगर निगम अधिकारी बताते हैं कि मानसून में रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण कई स्थानों पर पानी जमा हो रहा है, जो मच्छरों के लिए अनुकूल माहौल बनाता है। ऐसे में नियमित निगरानी, फॉगिंग और एंटी-लार्वा छिड़काव को प्राथमिकता दी जा रही है। नगर निगम का दावा है कि इन प्रयासों से डेंगू के प्रकोप को नियंत्रित रखने में मदद मिलेगी। नागरिकों से भी अपील की गई है कि अपने घरों और आसपास जलभराव न होने दें।


