मुख्य सचिव ने फेज-1 और फेज-2 के प्रस्तावों में प्राथमिकता तय कर केंद्र को भेजने के दिए निर्देश
देहरादून, 7 सितंबर। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम की राज्य स्तरीय अनुमोदन समिति की बैठक हुई। बैठक में फेज-1 और फेज-2 के तहत प्रस्तावित विकास परियोजनाओं पर चर्चा कर विभिन्न योजनाओं को संस्तुति दी गई।
मुख्य सचिव ने सीमावर्ती गांवों में सड़क, बिजली, नेटवर्क, संचार और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के साथ स्थानीय रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वाली परियोजनाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रत्येक संबंधित जिले से पांच-पांच महत्वपूर्ण परियोजनाएं प्राथमिकता के आधार पर तैयार कर केंद्र सरकार को भेजने को कहा। साथ ही सेना, एसएसबी और आईटीबीपी से जुड़ी आवश्यक परियोजनाओं को भी प्रस्तावों में शामिल करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि जिन कार्यों के लिए अन्य केंद्रीय या राज्य योजनाओं से धन उपलब्ध हो सकता है, उन्हें संबंधित योजनाओं से कराया जाए और वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम में उनकी जगह अन्य जरूरी परियोजनाओं को शामिल किया जाए।
#VibrantVillages #Uttarakhand #AnandBardhan #BorderVillages #Tourism #Connectivity #UttarakhandNews




