
देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में विधायक श्री विनोद कंडारी के नेतृत्व में भारत भ्रमण पर निकले देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के मेधावी एवं टॉपर विद्यार्थियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर अपने अनुभव साझा किए।
मुख्य सचिव ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता और मेहनत का कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों को बदलती तकनीक के साथ स्वयं को अपडेट रखने और अपनी क्षमताओं को लगातार विकसित करने की सलाह दी।
उन्होंने मोबाइल और तकनीक का सदुपयोग करने, नशे से दूर रहने तथा मित्रों का चयन सोच-समझकर करने की बात कही। साथ ही किसी परेशानी या गलती की स्थिति में माता-पिता, शिक्षकों और भरोसेमंद लोगों से खुलकर बात करने की सलाह दी।
मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल, संगीत और अन्य रुचियों से जुड़ने तथा जीवन में संतुलन बनाए रखने को कहा। उन्होंने भारत भ्रमण के दौरान नई जगहों, संस्कृतियों और लोगों से मिलने के अनुभवों को संजोकर रखने की भी अपील की।
उन्होंने विधायक विनोद कंडारी की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसी पहल अन्य क्षेत्रों में भी शुरू होनी चाहिए। राज्य सरकार भी विद्यार्थियों को भारत भ्रमण कराने के प्रयास कर रही है।
#Uttarakhand #Dehradun #Devprayag #AnandBardhan #VinodKandari




