देहरादून। शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम राजपुर रोड स्थित अपनी लगभग 96 बीघा भूमि पर भव्य इको-फ्रेंडली पार्क विकसित करने की योजना बना रहा है। नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने गुरुवार को प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने पार्क की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के निर्देश दिए। प्रस्तावित पार्क में वॉकिंग ट्रैक, बैठने की व्यवस्था, योग एवं ध्यान स्थल, लैंडस्केपिंग और स्थानीय प्रजातियों के पौधों के रोपण को प्राथमिकता दी जाएगी।
इसके साथ ही वर्षा जल संचयन, जल संरक्षण और प्राकृतिक हरियाली को सुरक्षित रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। नगर आयुक्त ने भूमि की साफ-सफाई और रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पार्क विकसित होने से शहरवासियों को प्राकृतिक वातावरण में घूमने और परिवार के साथ समय बिताने के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा।
#DehradunNews #EcoFriendlyPark #DehradunMunicipalCorporation #GreenDehradun #UttarakhandNews




