देहरादून। गुरु नानक राजकीय इंटर कॉलेज, चखुवाला में 12 नवंबर को संजय कन्नौजिया के सौजन्य से आदि शक्ति महिला रामलीला मंचन समिति की ओर से तीसरी बार महिला रामलीला का भव्य शुभारंभ किया गया। आयोजन को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। रामलीला में महिलाएं विभिन्न पात्रों का अभिनय कर भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और भगवान श्रीराम के आदर्शों को मंच पर जीवंत करेंगी।
कार्यक्रम के संयोजक एवं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव संजय कन्नौजिया ने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, संस्कारों और मर्यादाओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। विशेष रूप से महिलाओं द्वारा रामलीला का मंचन करना सराहनीय पहल है। इससे महिलाओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक भागीदारी को प्रोत्साहन मिलता है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर मिलने चाहिए। आदि शक्ति महिला रामलीला समिति जिस समर्पण और मेहनत के साथ इस आयोजन को आगे बढ़ा रही है, वह प्रशंसनीय है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारे, प्रेम और एकता की भावना भी मजबूत होती है।
समिति की अध्यक्ष एवं निर्देशिका लक्ष्मी मलासी ने बताया कि रामलीला का मंचन 12 से 19 नवंबर तक प्रतिदिन दोपहर 2:30 बजे से शाम 7 बजे तक किया जाएगा।
कार्यक्रम में वार्ड नंबर 17 के पार्षद अर्जुन सोनकर, उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता मोहन कुमार काला, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अनिल नेगी, प्रदेश प्रवक्ता सुलेमान अली, कैलाश अग्रवाल, ममगाईं जी, हरदीप गढ़वाली, बबलू भाई, केतन चंचल, युवा कांग्रेस महासचिव कासिफ, अनिरुद्ध धीमान, आशीष और नीरज सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
समिति की उपाध्यक्ष लक्ष्मी दत्त, सचिव कमला बछवाण और सह सचिव अमिता गढ़वाली सहित अन्य सदस्य आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं।
कार्यक्रम संयोजक संजय कन्नौजिया ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर महिला कलाकारों का उत्साहवर्धन करें और इस सांस्कृतिक आयोजन का हिस्सा बनें।
Tags: #DehradunNews #MahilaRamlila #SanjayKannaujia #UttarakhandCulture #WomenEmpowerment




