मातृशक्ति का स्नेह और विश्वास मेरी सबसे बड़ी ताकत : मुख्यमंत्री | 5 लाख महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ीं, 3 लाख से अधिक बनीं लखपति दीदी
देहरादून, 23 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रक्षाबंधन के पावन अवसर पर जीएमएस रोड स्थित चौधरी फार्म में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं क्रीड़ा भारती उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष जोगिंदर सिंह पुंडीर द्वारा आयोजित भव्य रक्षाबंधन समारोह में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में हजारों महिलाओं ने मुख्यमंत्री और पुंडीर को रक्षा सूत्र बांधकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री ने उपस्थित मातृशक्ति से संवाद करते हुए कहा कि उत्तराखंड की माताओं और बहनों का स्नेह, आशीर्वाद और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा, “आज मैं मुख्यमंत्री के रूप में नहीं, बल्कि एक भाई के रूप में आपकी बहनों के बीच आया हूं। प्रदेश की किसी भी बहन या बेटी को कभी कोई परेशानी हो तो निःसंकोच मुख्यमंत्री कार्यालय तक अपनी बात पहुंचा सकती है। एक भाई होने के नाते मैं उनकी समस्या का समाधान करने का पूरा प्रयास करूंगा।”
*महिलाओं को विशेष सौगात*
मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को विशेष सौगात देते हुए 28 और 29 अगस्त को उत्तराखंड रोडवेज की बसों में निःशुल्क यात्रा की घोषणा की। इससे बहनें अपने मायके और परिवारजनों से मिलने के लिए आसानी से यात्रा कर सकेंगी।
*महिला सशक्तिकरण पर जोर*
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और लखपति दीदी अभियान जैसी योजनाओं ने महिलाओं को आर्थिक व सामाजिक रूप से मजबूत बनाया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगभग 5 लाख महिलाएं 70 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं। 3 लाख से अधिक बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं। सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। समान नागरिक संहिता के माध्यम से महिलाओं के अधिकारों की रक्षा भी सुनिश्चित की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अपने कार्यकाल में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है और भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित की है।
*जोगिंदर सिंह पुंडीर का संबोधन*
आयोजक जोगिंदर सिंह पुंडीर ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि अटूट स्नेह, विश्वास, समर्पण और सुरक्षा के पवित्र संकल्प का पर्व है। उन्होंने कहा कि नारी का सम्मान हमारी संस्कृति और संस्कार का आधार है। जब महिला सशक्त होती है तो पूरा समाज और राष्ट्र आगे बढ़ता है।
पुंडीर ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए सभी बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में उत्तराखंड आपदा प्रबंधन राज्य सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय कुमार रोहिला, भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, अन्य जनप्रतिनिधि तथा कैंट विधानसभा क्षेत्र व प्रदेशभर से आई हजारों महिलाएं उपस्थित रहीं।



