ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। करीब 14 महीने पहले धूमधाम और करोड़ों रुपये के खर्च के साथ हुई शादी का अंत इतनी दर्दनाक घटना में होने से परिवार सदमे में है। घटना के बाद मृतका के परिजनों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
परिजनों का आरोप है कि विवाहिता को शादी के बाद से लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतका की बहन और मामा ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए यहां तक कहा कि दोषियों का “एनकाउंटर” किया जाना चाहिए। परिवार का कहना है कि उनकी बेटी को न्याय मिलना चाहिए और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक और गुस्से का माहौल है। स्थानीय लोग भी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



