देहरादून, 17 सितंबर 2026: यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने बैंक के पूर्णतः स्वचालित और केंद्रीकृत बैंकिंग इंटेलिजेंस हब ‘यूनियन सुदर्शन’ का उद्घाटन किया। इसे बैंक की डिजिटल परिवर्तन यात्रा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया है।
मुंबई में आयोजित कार्यक्रम में वित्तीय सेवा विभाग, भारत सरकार के सचिव संजय लोहिया (IAS) और बैंक के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ आशीष पाण्डेय समेत बैंक के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
‘यूनियन सुदर्शन’ को उन्नत एनालिटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग तकनीक से विकसित किया गया है। प्लेटफॉर्म के जरिए बैंकिंग चैनलों में विसंगतियों की पहचान, शुरुआती जोखिम का पता लगाने, निगरानी मजबूत करने और डेटा आधारित निर्णय लेने में मदद मिलेगी। इसमें अपवाद-आधारित अलर्ट मैनेजमेंट और स्वचालित एस्केलेशन की सुविधा भी है।
कार्यक्रम के दौरान बैंक ने ग्राहक सुविधा और परिचालन दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से 14 नई रणनीतिक पहलों की भी शुरुआत की। बैंक के अनुसार इन पहलों का लक्ष्य प्रक्रियाओं को सरल बनाना, टर्नअराउंड टाइम कम करना और ग्राहकों व कर्मचारियों के लिए बैंकिंग प्रक्रिया को आसान बनाना है।
इस अवसर पर यूनियन बैंक संग्रहालय का भी उद्घाटन किया गया, जिसमें यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, पूर्ववर्ती कॉर्पोरेशन बैंक और आंध्रा बैंक की विरासत, संस्थापकों तथा बैंक की विकास यात्रा को प्रदर्शित किया गया।
वित्तीय सेवा विभाग के सचिव संजय लोहिया ने डिजिटल बैंकिंग में साइबर सुरक्षा, साइबर आघात सहनीयता और ग्राहक-केंद्रित सेवाओं के महत्व पर जोर दिया। वहीं एमडी एवं सीईओ आशीष पाण्डेय ने कहा कि ‘यूनियन सुदर्शन’ डेटा, AI और इंटेलिजेंट ऑटोमेशन के माध्यम से बैंकिंग व्यवस्था में दक्षता, मजबूत गवर्नेंस और सक्रिय जोखिम प्रबंधन को बढ़ावा देगा।




