बच्चों से आत्मीयता से मिले मुख्यमंत्री, कहा—उनकी खुशी जन्मदिन का सबसे खास उपहार

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने जन्म दिवस के अवसर पर देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचकर अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों के साथ अपना जन्मदिन मनाया। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा और उनके बीच रहकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं।
इस दौरान मुख्यमंत्री बच्चों से आत्मीयता और स्नेह के साथ मिले। उन्होंने बच्चों से बातचीत की, उनका उत्साहवर्धन किया और उनके साथ समय बिताया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे भी उत्साहित और प्रसन्न नजर आए। संस्थान में इस दौरान खुशी और अपनत्व का माहौल रहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय जीवन को नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। प्रत्येक बच्चे में अपार प्रतिभा और संभावनाएं होती हैं। उन्हें आगे बढ़ने के लिए अवसर, प्रोत्साहन और विश्वास दिया जाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों का सशक्तिकरण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। समान अवसर, सम्मान और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराकर दिव्यांग बच्चों को उनकी क्षमताओं के अनुरूप आगे बढ़ने के अवसर दिए जाने चाहिए।
मुख्यमंत्री ने बच्चों को आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ अपने लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास से जीवन की चुनौतियों को पार किया जा सकता है तथा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों का स्नेह और उनके चेहरों की खुशी उनके जन्मदिन का सबसे विशेष और यादगार उपहार है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की पत्नी श्रीमती गीता पुष्कर धामी, कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी सहित संस्थान के शिक्षक एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
Tags:
#PushkarSinghDhami #BirthdayCelebration #DivyangChildren #Dehradun #Uttarakhand




