देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में झाझरा क्षेत्र में करीब पांच बीघा भूमि पर की जा रही अनधिकृत प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया।
नन्दा एन्कलेव, सैनिक कॉलोनी, एलपी विलाश के सामने स्थित स्थल पर डिमार्केशन कर प्लॉटिंग की जा रही थी। निरीक्षण के दौरान मौके पर स्वीकृत तलपट मानचित्र प्रस्तुत नहीं किया गया। मामले में नियमानुसार वाद दायर करने के बाद एमडीडीए ने कार्रवाई करते हुए स्थल पर की जा रही अनधिकृत प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया।
एमडीडीए ने अवैध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सेक्टरवार टीमों का गठन किया है। विकासनगर, सहसपुर, ऋषिकेश, रायपुर और डोईवाला समेत विभिन्न क्षेत्रों में अवैध निर्माण व प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि बिना स्वीकृत मानचित्र के की जा रही प्लॉटिंग पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, सचिव मोहन सिंह बर्निया ने लोगों से अपील की कि जमीन खरीदने से पहले संबंधित भूखंड और ले-आउट की वैधानिक स्वीकृति की जांच जरूर करें।
एमडीडीए के अनुसार, कार्रवाई का उद्देश्य अनियोजित प्लॉटिंग और अवैध निर्माण पर अंकुश लगाकर देहरादून व आसपास के क्षेत्रों में व्यवस्थित और नियोजित विकास सुनिश्चित करना है।




