देहरादून, 17 सितंबर 2026: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ अभियान का अंतिम चरण 18 सितंबर को होगा। मुख्यमंत्री चयनित 140 छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर उनके ‘सपनों के उत्तराखण्ड’ के विजन और सुझाव सुनेंगे।
‘कैसा हो मेरे सपनों का उत्तराखण्ड?’ विषय पर प्रदेशभर से 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने विचार ऑनलाइन साझा किए। इनमें से विशेषज्ञ टीम द्वारा 140 श्रेष्ठ एवं सार्थक विचारों वाले विद्यार्थियों का चयन किया गया है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष भी विद्यार्थियों के साथ संवाद करेंगे। शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, पर्यावरण, रोजगार, पलायन, आईटी, स्वरोजगार और महिला-बाल विकास समेत विभिन्न विषयों पर युवाओं के सुझाव लिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उपयोगी सुझावों को सरकार की नीतियों और विकास योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उनके अनुसार युवा केवल भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान में भी नीति-निर्माण के महत्वपूर्ण सहभागी हैं।
140 विद्यार्थियों को मिलेगी करियर स्कॉलरशिप
अभियान के तहत चयनित 140 विद्यार्थियों को 12वीं के बाद करियर तैयारी एवं कोचिंग के लिए 2 लाख रुपये तक की स्कॉलरशिप भी प्रदान की जाएगी।
अभियान की शुरुआत 10 अगस्त को हुई थी, जिसमें प्रदेश के कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को अपने विचार साझा करने के लिए जोड़ा गया था।




